
BIHAR:- गया में कार से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
गया- 30 दिसंबर। गया जिला के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच- 2 के डोभी मोड़ के पास से उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित देसी शराब के साथ एक कार सहित एक तस्कर को गिरफ्तार करने में गुरुवार को सफल रहे।
उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि डोभी सूरज मंडल चेक पोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह, नीरज कुमार, दीपक कुमार राय, सुनील कुमार, मानवेंद्र सिंह एवं अन्य विभागीय कर्मियों के द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एनएच दो डोभी मोड़ के पास जाइलो कार, जिसका रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 09 एम 1221 है, की तलाशी ली गई। उक्त वाहन पर लैला कंपनी के 90 कार्टन प्रतिबंधित देसी शराब लदा पाया गया। जांच करने के दौरान 2250 बोतल 300 एमएल का कुल मात्रा 675 लीटर प्रतिबंधित देसी शराब पाया गया।
कार्रवाई के दौरान चालक सह तस्कर को उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान गया जिला के आमस थाना क्षेत्र के मृत्युंजय कुमार के रूप में की गई है। उत्पाद अधिनियम के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वही मेडिकल चेकअप के बाद वक्त गिरफ्तार तस्कर को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



