
दिल्ली में 24 अप्रैल से मलंगिया महोत्सव’ में 35 नाटकों का होगा मंचन
मधुबनी-28 मार्च। गांधी स्मृति दर्शन, राजघाट, दिल्ली में 24 से 26 अप्रैल तक मैथिली नाट्य जगत के प्रतिष्ठित नाटककार महेन्द्र मलंगिया की नाट्य-रचनाओं पर केन्द्रित विराट उत्सव “मलंगिया महोत्सव” का आयोजन होने जा रहा है।महोत्सव में महेन्द्र मलंगिया रचित 35 नाटकों का मंचन होगा। भारत और नेपाल के अनेकों नामचीन मैथिली नाट्य-संस्थाओं द्वारा नाटक प्रदर्शन करेंगे। अनेकों संस्थाओं ने नाटकों की तैयारी शुरू कर दी है। मिथिला की प्रसिद्ध नाट्य संस्था रंगरेज मिथिला ने महेन्द्र मलंगिया लिखित नाटक ‘पूस जाड़ कि माघ जाड़’ की तैयारी जोर-शोर से प्रारम्भ कर दी है।
ऋषि बशिष्ठ के निर्देशन में होने वाले इस नाटक में घनश्याम मिश्र,सुजीत कुमार झा, राजीव झा,शंकर कुमार झा,कमलेश कुमार ‘गुड्डू’,श्रीकान्त ‘गिरधारी’,ब्रजेश कुमार मिश्र, प्रिंस कुमार,विशाल कुमार,राजकुमार झा व मैथिली रंगमंच की नामचीन अभिनेत्री सोनी नीलू झा भाग ले रही हैं। रंगरेज मिथिला के सांस्कृतिक समन्वयक रवीन्द्र झा ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस 24 अप्रैल को रंगरेज मिथिला नाटक का प्रदर्शन करेगी। निर्देशक ऋषि बशिष्ठ ने कहा कि महेन्द्र मलंगिया लिखित नाटकों का एक साथ मंचन होना ऐतिहासिक अवसर होगा। यह आयोजन मैथिली रंगमंच विश्व कीर्तिमान स्थापित करेगा।



