
ऐतिहासिक स्थल बलिराजगढ़ में उत्खनन कार्य का शुभारंभ
मधुबनी-28 मार्च। जिला अंतर्गत स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक स्थल बलिराजगढ़ में भारत सरकार के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा उत्खनन कार्य का विधिवत शुभारंभ राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने शनिवार को किया। यह अवसर न केवल मधुबनी जिले, बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का प्रतीक है।

गौरतलब है कि बलिराजगढ़ का उत्खनन कार्य मिथिला की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक महत्व को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस स्थल से प्राप्त होने वाले पुरातात्विक साक्ष्य न केवल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को उजागर करेंगे,बल्कि शोध एवं अकादमिक अध्ययन के नए आयाम भी स्थापित करेंगे। इस पहल से मधुबनी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं विकसित होंगी, जिससे स्थानीय रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं आधारभूत संरचना के विकास को बल मिलेगा। साथ ही, मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान प्राप्त होगी। इस अवसर पर झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल, बाबूबरही विधायक मीना कुमारी सहित कई अधिकारी और एनडीए के नेता एवं कार्यकर्ताओं मौजूद थे।



