
मधुबनी शहर में आवारा कुत्तों का आतंक, प्रतिदिन अनेक लोग होते इसके शिकार
मधुबनी- 14 मार्च। शहर के चौक-चौराहा, गलियों में अपना बसेरा बना चुके आवारा कुत्ता कब किसे काट ले कहा नहीं जा सकता। शनिवार को शहर के वार्ड 32 सिंघानिया चौक निवासी अशोक राय के पुत्र सोनू कुमार को एक कुत्ता काट लिया। अशोक राय ने बताया कि सिंघानिया चौक के एक व्यक्ति तीन-चार कुत्ता पाले हुए हैं। इन कुत्तों को खुला छोड़ देने के कारण आए दिन लोगों को कुत्ता काट खाता है। उनके पुत्र जरुरी काम से घर से सिंघानिया चौक गया था कि रास्ते में कुत्ता ने उसपर हमला कर काट लिया। उन्होंने बताया कि मल्लाह टोली से पुरानी दुर्गा मंदिर के आसपास कुत्तों का झुंड रहता है। यहां से गुजरने वाले खासकर बच्चों पर हमला कर देता है। कुत्ता के हमले से बच्चे काफी भयभीत हो जाते हैं। कई दिनों तक भय के माहौल में दिन कटता है।
बतादें कि शहर के संपूर्ण हिस्सों में आवारा कुत्तों का आतंक बना है। शहर में आवारा कुत्ता प्रतिदिन अनेकों लोगों को काट खाता है। आवारा कुत्तों के काटने का मामला प्रतिदिन सामने आ रहा है। खासकर छोटे-छोटे बच्चे को कुत्ता काटने के बाद उनके परिजनों की परेशानी बढ़ती ही जाती है। कुत्ता काटने के पीड़ित को एंटी रैबीज का डोज जरूरी होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कुत्ता काटने की घटना को लोग हल्के ढंग से लेते रहे हैं। जिससे वर्षों बाद इसका विष फैलने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं। बता दें कि शहर से बाटा चौक, शंकर चौक, गिलेशन बाजार, थाना चौक, कोतवाली चौक सहित अन्य सड़कों पर रात में आवारा कुत्ते का कब्जा रहता है। रात में सड़कें जब सुनसान हो जाती हैं तो कुत्ते वहां अपना डेरा डाल देते हैं और आने जाने वाले राहगीरों को अपना निशाना बनाते हैं।



