
मधुबनी जिले में घरेलू गैस को लेकर हाहाकार
मधुबनी- 12 मार्च। जिले के विभन्न प्रखंड क्षेत्र के गावों में घरेलू गैस को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। ऐसी स्थिति में कालाबाजारी का अंदेशा बढ़ गया है। सभी गैस एजेंसी की भुमिका संदेह के घेरे में है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऐजेंसी कर्मी के साठगांठ से सिलेंडर का भारी रकम में कालाबाजारी किया जा रहा है। शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। आम उपभोक्ताओं की मानें, तो गैस की किल्लत पैदा कर आसानी से कालाबाजारी किया जा सकता है। गुरुवार को मधुबनी जिले के जयनगर के राजपुताना मुहल्ला के समीप सीयाराम एचपी गैस ऐजेंसी पर वाहन से सिलेंडर वितरण के समय कुछ उपभोक्ताओं द्वारा विरोध करने पर ऐजेंसी संचालक को पुलिस को मंगाना पड़ा। हालांकि ऐजेंसी द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। उपभोक्ताओं की माने, तो गैस ऐजेंसी संचालक द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति कम दिखाकर मोटी रकम में बेचा जा रहा है।
शादी विवाह का समय और रमजान का महिना होने के कारण सभी समुदायों को गैस की अधिक आवश्यक है। इसके बावजूद सिलेंडर के कम आपूर्ति से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। उपभोक्ताओं को कई तरह की समस्या उत्पन्न हो रही है। गुरुवार को भी उपभोक्ताओं ने विभिन्न गैस ऐजेंसी के गोदाम एवं ऐजेंसी के बाहर सिलेंडर लेकर लंबी लंबी कतारें लगा कर लगे देखे गए। लंबी लाईन व घंटों इंतजार के बाद कुछ उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति की गई। लेकिन कुछ उपभोक्ताओं को वापस होना पड़ा। गैस सिलेंडर को लेकर कई उपभोक्ता यत्र-तत्र भटकते देखा गया।
इधर मधुबनी बाटा चोक निवासी मनोज पुर्वे ने बताया कि हम इंडिसन गैस के उपभोक्ता है। गैस बुक करने में कई समस्या आ रही है। इसके अलावे मोबाइल फोन पर कस्टमर केयर द्वारा कोई जबाब नहीं दिया जा रहा है। वहीं जिलाधिकारी आनंद शर्मा की माने तो जिले में गैस की कमी नही है। उन्होने बताया कि गैस नही होने की अफवाह फैलाने वालों और गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रषासन कार्रवाई करेगा।



