
MADHUBANI:- शराब की मांग करने वाला पुलिस अवर निरीक्षक निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई
मधुबनी- 11 मार्च। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी जिस पुलिस महकमे पर है, अगर वहीं पुलिस महकमा का जवान शराब में संलिप्त हो, तो फिर शराबबंदी कानुन का क्या गया! मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र में अनुशासनहीनता का एक मामला सामने आया है। मधुबनी जिले के बिस्फी थाना में तैनात डायल 112 के पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश राम के द्वारा शराब कारोबारी से शराब मांगने का एक विडियो वायरल हुआ है। जिस वीडियो में एसआई कमलेश राम एक व्यक्ति से अनुचित रूप से अवैध शराब की मांग करते नजर आ रहे हैं। जिसके बाद पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश राम को पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि यह वीडियो 03 मार्च 2026 का बताया जा रहा है, जो 10 मार्च को संज्ञान में आया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बेनीपट्टी डीएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा था। पुलिस अधीक्षक ने जांच के प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर बुधवार को त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करते हुए एसआई को निलंबित कर दिया गया। एसआई कमलेश राम एवं शराब कारोबारी सुंदर लाल यादव के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं एसआई कमलेश राम को निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का भी आदेश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।



