बिहार

संजय सरावगी बने बिहार BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष

दरभंगा शहरी क्षेत्र से छह बार के हैं विधायक

पटना- 15 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए दरभंगा शहरी क्षेत्र से छह बार के विधायक एवं पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी को बिहार प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह दरभंगा सदर विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक हैं।

संजय सरावगी अब निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की औपचारिक घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र के माध्यम से की गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

संजय सरावगी ने वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार उमेश साहनी को 24,593 मतों से पराजित किया था। उनका राजनीतिक सफर फरवरी 2005 में शुरू हुआ, जब उन्होंने दरभंगा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार मोहम्मद मुमताज को 14,188 मतों से हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद अक्टूबर 2005 में उन्होंने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 24,983 मतों से पराजित कर दोबारा जीत दर्ज की।

संजय सरावगी ने वर्ष 2010, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में भी लगातार जीत हासिल की। वर्ष 2010 में उन्होंने राजद के सुल्तान अहमद को 27,554 मतों से हराया, जबकि 2015 और 2020 में क्रमशः राजद उम्मीदवारों ओम प्रकाश खेरिया और अमर नाथ गामी को पराजित किया। वे नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

अपनी साफ-सुथरी छवि, प्रशासनिक अनुभव और मजबूत संगठनात्मक क्षमता के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बिहार भाजपा की कमान सौंपी है। संजय सरावगी दरभंगा सदर सीट से लगातार छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। उनका राजनीतिक जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) से शुरू हुआ था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संजय सरावगी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संजय सरावगी उनके मंत्रिमंडल में सहयोगी के रूप में कार्य कर चुके हैं और छह बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

उल्लेखनीय है कि संजय सरावगी वैश्य/मारवाड़ी समाज से आते हैं। इससे पहले भाजपा ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने बिहार संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button