बिहार

जन सुराज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगाया बड़ा आरोप, प्रशांत किशोर ने कहा- हार के डर से अमित शाह ने दानापुर के जन सुराज उम्मीदवार अखिलेश साह को दिनभर साथ बैठाकर रखा

पटना- 21 अक्टूबर। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत भाजपा नेताओं पर पार्टी के उम्मीदवारोंं को कथित रूप से धमकाकर और दबाव डालकर नामांकन वापस कराने का बड़ा आरोप आज लगाया है। पटना के शेखपुरा हाउस में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने दानापुर, गोपालगंज और ब्रह्मपुर से जन सुराज उम्मीदवारों के नामांकन वापसी कराने को भाजपा का डर बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की छवि बनी है कि कोई भी जीते, सरकार यही बनायेंगे। जन सुराज को अभी तक वोटकटवा पार्टी बोलने वाले भाजपा को अब सबसे ज़्यादा डर जन सुराज से ही लग रहा है।

पहला केस दानापुर का है। यहां महागठबंधन से बाहुबली अपराधी नेता जेल से चुनाव लड़ते हैं। जनता ने इन बाहुबलियों से डर कर तय किया कि इस बार वहीं के व्यवसायी अखिलेश कुमार उर्फ़ मुटूर शाह को जन सुराज से टिकट दिलाया जाए। उन्होंने मनोज भारती के हाथ से सिंबल लिया लेकिन नामांकन करने नहीं पहुंचे। भाजपा वाले बताते रहे कि राजद के गुंडों ने उन्हें बंधक बना लिया है। लेकिन ये भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ थे। यह भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा है। एक साधारण व्यवसायी को देश का गृह मंत्री बुलाकर अपने पास बैठा ले रहा है। वह क्या कर सकेगा? चुनाव आयोग नहीं देख रहा है कि एक प्रत्याशी को गृह मंत्री समेत भाजपा के नेता घेरे हुए हैं। हम चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।

प्रशांत किशोर ने केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान पर डराकर-धमकाकर जन सुराज के 3 उम्मीदवारों के नामांकन वापस कराने में अहम भूमिका निभाने का आरोप लगाया, ब्रह्मपुर प्रत्याशी डॉ सत्यदेव तिवारी के साथ उनकी तस्वीर जारी की

प्रशांत किशोर ने आगे धर्मेंद्र प्रधान के साथ बक्सर के ब्रह्मपुर उम्मीदवार डॉ सत्य प्रकाश तिवारी की तस्वीर जारी की। कहा कि ब्रह्मपुर में लोजपा के बड़े बाहुबली हुलास पांडेय चुनाव लड़ते हैं। वहां से जन सुराज के प्रत्याशी सत्य प्रकाश तिवारी बड़े डॉक्टर हैं। पटना में बड़ा अस्पताल चलाते हैं। प्रत्याशी बनने के बाद तीन दिन तक इन्होंने प्रचार किया। कल सुबह अचानक इन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ली है। इनकी तस्वीर इनके घर पर धर्मेंद्र प्रधान के साथ है। यह पहले नहीं देखा होगा कि चुनाव घोषित होने के बाद एक प्रत्याशी से केंद्र के मंत्री मिल रहे हैं। इनपर दबाव देकर नामांकन वापस कराया गया है। जन सुराज के एक सभ्य कार्यकर्ता, डॉक्टर को डरा कर नामांकन वापस कराया जा रहा है।

इसी तरह गोपालगंज के बहुत बड़े डॉक्टर और हमारे उम्मीदवार डॉ शशि शेखर सिन्हा का भी मामला है। वे गोपालगंज के बड़े नेता रघुनाथ पांडेय के दामाद हैं। हमारे साथ लगातार रहे हैं। परसों तक चुनाव प्रचार कर रहे थे। फिर इनके पास स्थानीय भाजपा नेता पहुंचे और इनपर दबाव बनाकर नामांकन वापस लेने को कहा। उन्होंने मुझसे कॉल कर कहा कि मुझपर दबाव बना रहे हैं लेकिन मैं आपके साथ हूं। फिर दो घंटे बाद उन्होंने नामांकन वापस लेकर फ़ोन बंद कर लिया।

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि हमारी जानकारी में है कि जन सुराज के 14 उम्मीदवारों को कई तरह की धमकी दी गई, डराया गया है। तीन लोग टूट गए लेकिन 240 लोग अभी भी हिम्मत से साथ खड़े हैं। कुम्हरार से हमारे उम्मीदवार प्रो केसी सिन्हा पर भी बहुत दबाव दिया गया है। लोगों ने मुझे बताया कि उनको भी बहुत धमकी दी गई है। लेकिन उनको धन्यवाद देना चाहते हैं कि वो डिगे नहीं। वाल्मीकिनगर से पहली बार एक शिक्षक को जन सुराज ने टिकट दिया है। वो दो साल पहले इस्तीफा देकर जन सुराज से जुड़े। दो साल से उन्हें सैलरी नहीं मिली है। अब नामांकन के बाद स्थानीय प्रशासन उनपर दबाव बना रहा है कि आपका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। आप चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button