
MADHUBANI:- चानन गांव में विवाहिता महिला का शव संदेहास्पद अवस्था में बरामद
मधुबनी- 20 मई। बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डामु पंचायत के चानन गांव में एक विवाहिता महिला का शव संदेहास्पद अवस्था में उसके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक महिला की पहचान गांव के निवासी संदीप शर्मा की पत्नी 35 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने जब महिला का शव देखा, तो तत्काल इसकी सूचना बासोपट्टी थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष गौरव कुमार, एसआई मधु कुमार सिंह और प्रिया कुमारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। मृतका के बारे में मिली जानकारी के अनुसार उसका पति संदीप शर्मा बाहर रहकर मजदूरी करता है। दंपत्ति के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चा होस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। हालांकि पूछताछ के दौरान किसी ने भी घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है, जबकि कुछ लोग इसके पीछे किसी साजिश की आशंका जता रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। बासोपट्टी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।



