
प्रधानमंत्री ने मिथिलांचल को 13,480 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगातः रंजीत
मधुबनी- 25 अप्रैल। जदयू के प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि कल झंझारपुर स्थित पावन विदेश्वर स्थान की ऐतिहासिक धरती पर एक अद्वितीय क्षण साक्षात हुआ, जब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में विशाल जनसभा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारत सरकार के पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित अनेक वरिष्ठ नेता,जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के हजारों नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने मिथिलांचल सहित पूरे बिहार को 13,480 करोड़ की जनकल्याणकारी योजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी, जो क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री को मिथिलांचल पर विशेष ध्यान देने एवं झंझारपुर की पावन भूमि पर आगमन हेतु कोटिशः आभार। उनका यह दौरा हमारे क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व विकास की संभावनाओं को जन्म देगा। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, यह मिथिलांचल के नवयुग का शंखनाद है।



