
पीएम का मधुबनी दौरा मिथिलांचल के लिए एक महत्वपूर्ण क्षणः जायसवाल
मधुबनी- 23 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 अप्रैल को मधुबनी में प्रस्तावित यात्रा को लेकर बुधवार देर शाम एक महत्वपूर्ण संयुक्त प्रेस वार्ता को भाजपा के प्रदेष अध्यक्ष दिलीप जायसवाल,केंद्रीय मंत्री ललन सिंह एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने संबोधित किया। नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हमला कायरतापूर्ण है और देश इसे कभी सहन नहीं करेगा। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि एनडीए सरकार में आतंकवादियों के लिए कोई स्थान नहीं है, जो भी इस घटना में संलिप्त हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा प्रदेष अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगांव हमले पर ट्विटर के माध्यम से कड़ा संदेश दिया है और सरकार इस पर कठोरतम कार्रवाई करेगी। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज पहलगांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। प्रधानमंत्री की संभावित मधुबनी यात्रा को लेकर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तैयारियाँ चल रही हैं और अंतिम रूप जल्द घोषित किया जाएगा। यह दौरा मिथिलांचल के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण होगा।



