
MADHUBANI:- बिस्फी के खंगरैठा में विद्यालय का रास्ता बंद रहने से छात्रों को हो रही परेशानी
मधुबनी- 27 दिसंबर। बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के कृषि फार्म खंगरैठा स्थित प्राथमिक विद्यालय चरवाहा खंगरैठा प्रांगण को कृषि विभाग के द्वारा चहारदीवारी से घेराबंदी कर दिए जाने से छात्र एवं शिक्षकों को विद्यालय जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि विष्णु देव सिंह यादव एवं राजद नेता डाॅ. विजय चंद्र घोष ने प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह से मिल कर इस संबंध में एक मांग पत्र सौंपा है। इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि वर्ष 1992 में तत्कालीन उप विकास आयुक्त सुख देव सिंह ने प्राथमिक चरवाहा विद्यालय खंगरेठा का उद्घाटन किए थे। तब से उक्त सरकारी विद्यालय चल रहा है। उक्त विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्रों को आने जाने वाले एक मात्र रास्ता को चहारदीवारी से घेराबंदी कर दिया गया है। जिस कारण विद्यालय के छात्रों एवं शिक्षकों को एक से दो किलोमीटर घूम कर आना जाना पड़ता है, विद्यालय में अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग के दो सौ से अधिक छात्र छात्रा विद्यालय में अध्यनरत है। उन्होंने विद्यालय आने जाने के लिए पश्चिमी भाग से गेट खोलबाने का अनुरोध किया है। तत्काल बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारी को तत्काल जांच कर रिपोर्ट तलब की है।



