
छोटे भाई का होंठ बड़े भाई रिटायर्ड प्रिंसिपल ने दांतों से काटा: डॉक्टर ने डेढ़ घंटे सर्जरी कर फिर जोड़ा
सीकर- 24 जुलाई। सीकर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में दो भाइयों में हुए झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई का होंठ दांतों से काटकर अलग कर दिया। होंठ कटने से छोटे भाई के मुंह से खून निकलने लगा। परिजनों ने उसका कटा होंठ थैली में डाला और लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने टांके लगाकर होंठ को वापस जोड़ा। जानकारी के अनुसार घायल रमेश कुमार (56) निवासी खरींटा की ढाणी ने बताया कि उसका बड़ा भाई बनवारी (62) रिटायर्ड प्रिंसिपल है। बनवारी लाल और उसकी पत्नी में काफी दिनों से अनबन चल रही है, इसलिए दोनों अलग-अलग रहते हैं। दो दिन पहले बनवारी लाल की पत्नी का उसके पड़ोसी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस पर उसने अपने 21 जुलाई को बड़े भाई बनवारी को कहा था कि अपनी पत्नी को थोड़ा समझाओ। इस बात से नाराज होकर उसने मारपीट शुरू कर दी और मेरे होंठ को चबाकर अलग कर दिया।
थैली में होंठ लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन—
रमेश कुमार ने बताया कि इस दौरान उसने शोर मचाया तो परिजनों ने उसको छुड़ाया और उसके होंठ को थैली में लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां ऑन कॉल ड्यूटी पर आए डॉ. मुकुल धाबाई ने उसके कटे हुए होंठ को टांके लगाकर वापस जोड़ दिया। रमेश कुमार ने बताया कि वह हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में काम करता है। बनवारी लाल के 2 बेटे और 1 बेटी है। एक बेटा टीचर हैं, जबकि दूसरा विदेश रहता है। बेटी की शादी हो चुकी है। रमेश के एक लड़का और एक लड़की है।
प्लास्टिक सर्जन डॉ. मुकुल धाबाई ने बताया कि घायल रमेश कुमार का होंठ 30 प्रतिशत से ज्यादा कटा हुआ था। देर रात डेढ़ घंटे की प्लास्टिक सर्जरी के बाद उसके होंठ को वापस रिपेयर किया गया। रोगी अभी अस्पताल में भर्ती है। ऊपर वाला होंठ कट कर अलग हो गया था। अब रोगी की हालत स्थिर है और सही है। अब डीबी अस्पताल में प्लास्टिक सर्जरी के ऑपरेशन होने लगे हैं, इसलिए रोगियों को जयपुर और बीकानेर जाने की जरूरत बहुत कम पड़ती है।
अस्पताल चौकी इंचार्ज एएसआई गिरधारीलाल सैनी ने बताया कि दो भाइयों में झगड़ा हुआ था। झगड़े में एक भाई ने दांतों से काटकर दूसरे भाई का होंठ अलग कर दिया था। अस्पताल में देर रात घायल को लेकर आए थे, जो अभी भर्ती है। मामला रामगढ़ क्षेत्र का है तो मामला दर्ज होने पर वहां की पुलिस जांच करेगी।



