
पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव के रविवार को बिहार आगमन को लेकर जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह हैं वहीं राजनीतिक दलों की तरफ से प्रतिक्रिया भी आने लगी है। सत्ता दल के नेताओं ने भी इस पर बयान दिया है । शनिवार को रबी महाभियान कार्यक्रम के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम में जब लालू के बिहार आगमन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूछा गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी बाेलने से इंकार कर दिया और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। मौके पर बिहार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने लालू की बिहार वापसी पर जमकर भड़ास निकाली। कृषि मंत्री ने कहा अपने जमानत का दुरुपयोग कर रहे है। लालू प्रसाद के खराब स्वास्थ्य के कारण कोर्ट ने जमानत दी थी, ताकि वह अपने स्वास्थ्य को लेकर सुधार कर सकें लेकिन वह इसका फायदा राजनीति के लिए करने के लिए उठा रहे हैं। जाहिर है कि कानून इसे अपने रूप में देखेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद के बिहार आने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्हें जमानत चुनाव प्रचार करने और राजनीति करने के लिए नहीं मिली थी लेकिन वह इसका दुरुपयोग कर रहें है। उल्लेखनीय है कि जमानत मिलने के बाद लम्बे समय से लालू यादव अपने बडी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के दिल्ली आवास पर रहकर अपना इलाज करा रहे है। चिकित्सकों के इजाजत के बाद लालू प्रसाद कल दोपहर को पटना आयेंगे। जहां वह दो सीटों पर होनेवाले उप चुनाव में राजद प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार कर सकते है।



