
मधुबनी। जिला पंचायत निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में गुरूवार को समाहरणालय के सभागार में 22 अक्टूबर को होने वाले चतुर्थ चरण के मतगणना कार्य से जुड़े पदाधिकारियों एवं दोनों राजनगर-खजौली प्रखंडों के निर्वाची पदाधिकारीयों और सहायक निर्वाची पदाधिकारीयों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में 20 अक्टूबर को राजनगर एवं खजौली प्रखंडों में संपन्न आम पंचायत चुनाव के मतों की गणना का कार्य आरके कॉलेज मधुबनी में 22 अक्टूबर को किया जाना है। जिससे शांतिपूर्ण संपन्ना कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में पंचम चरण का चुनाव 24 अक्टूबर को होना है,ऐसे में मतगणना का कार्य ससमय पूरा किया जाना आवश्यक है। इसके लिए मतगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारीयों एवं मतगणना कर्मीयों की सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर उपस्थिति अनिवार्य है। संबंधित निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी अपने साथ प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना संबंधी आवश्यक निर्देश देते हुए हर हाल में सुबह 8 बजे से मतगणना अवश्य प्रारंभ करवाना सुनिश्चित करेंगे। जनहित में सभी मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से गतिशील बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि मतगणना कार्य आरंभ होने से पूर्व संबंधित पंचायत के किसी भी पद के उम्मीदवार अथवा उनके प्रतिनिधियों को माइक द्वारा उद्घोषणा कर उनके पंचायत की मतगणना प्रारंभ होने की सूचना दी जाय। उद्घोषणा की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवानी है। इतना ही नहीं अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए मतगणना हेतु निर्धारित पंचायतों के क्रम को सभी संबंधित लोगों में सोशल मीडिया द्वारा प्रचारित किया जाय साथ ही पंचायत के क्रम की सूचना मतगणना स्थल पर प्रवेश द्वार जैसे जगहों पर फ्लेक्स आदि लगाकर दी जाय। इससे उम्मीदवारों को अपने क्रम का पूर्व अनुमान रहेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्य प्रवेश द्वार से पहली बार ऊपर के क्रम से तीन पंचायतों के उम्मीदवारों एवं प्रतिनिधियों को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति होगी। इसके बाद पहले पंचायत के संबंधित उम्मीदवार अथवा प्रतिनिधि मतगणना कक्ष में प्रवेश पा सकेंगे। जैसे ही एक पंचायत की मतगणना संपन्न होगी, वैसे ही क्रम के अगले पंचायत से जुड़े लोगों को परिसर में प्रवेश करने दिया जायेगा। इस प्रकार एक बार में दो पंचायतों के उम्मीदवार अथवा प्रतिनिधि अपनी बारी का इंतजार करेंगे और प्रत्येक बार केवल एक पंचायतों के उम्मीदवार अथवा प्रतिनिधियों को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति होगी। इससे मतगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न करवाने में सुविधा होगी। दोनो प्रखंडों के निर्वाची पदाधिकारीयों को निर्देश दिया गया है कि किसी पंचायत की मतगणना की प्रक्रिया नियमानुकूल पूर्ण हो जाने के बाद विजेता उम्मीदवार को जल्द से जल्द प्रमाण पत्र प्रदान कर दें,जिससे अनावश्यक भीड़ भाड़ से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई है कि मतगणना कार्य को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न करवाने में विभिन्न पंचायतों के उम्मीदवारों एवं उनके प्रतिनिधियों का भी अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकेगा। बैठक में अपर समाहर्ता अवधेश राम,जिला गोपनीय शाखा विशेष कार्य पदाधिकारी सुरेन्द्र राय,जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार,सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्वनी कुमार, राजनगर प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती निवेदिता, खजौली प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार के साथ साथ जिले के वरीय पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी शामिल थे।



