
बख्तियारपुर का नाम नीतीश नगर होः बचोल
मधुबनी। बिस्फी के विधायक सह भाजपा नेता हरि भूषण ठाकुर बचोल ने बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के कटैया,पुआरी,सिमरी एवं परसौनी सहित कई स्थानों में आयोजित गणेश पूजनोत्सव में शामिल हुए। विधायक ने विभिन्न पूजा पंडालों में जाकर गणेश की श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना किया। तथा कहा कि गणेश जी विघ्नहर्ता एवं सुख शांति एवं समृद्धि की कर्ता-धर्ता हैं। पूजा करने से लोगों में समृद्धि आएगी। वही विधायक ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम लोगों की समस्या से भी रूबरू हुए। प्रखंड क्षेत्र में आयी बाढ़ से प्रभावित लोगों ने समस्या से अवगत हुए। विधायक ने कहा कि बिस्फी विधानसभा क्षेत्र में जल जमाव एवं बाढ़ के कारण लोगों को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। विधायक बचोल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर क्षेत्र को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग रखेंगे। भाजपा विधायक श्री बचोल ने कहा कि बख्तियारपुर का नाम नीतीश नगर रखने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज,फैजाबाद का नाम अयोध्या रखा गया है। उसी तरह बख्तियारपुर का भी नाम मुख्यमंत्री के नाम पर नीतीश नगर रखा जाना चाहिए।



