
दिल्ली से हज यात्रा 2022 के लिए 835 यात्रियों का चयन
नई दिल्ली- 30 अप्रैल। राजधानी दिल्ली से हज यात्रा-2022 के लिए 835 यात्रियों का चयन किया गया है। आज हज मंजिल में आयोजित समारोह में इन यात्रियों का चयन किया गया है। दिल्ली से सऊदी अरब में स्थित पवित्र स्थान काबा शरीफ का हज करने के लिए आज कुरआ (लकी ड्रॉ) निकाला गया। कंप्यूटराइज ऑनलाइन किए गए ड्रॉ में 835 यात्रियों का चयन किया गया है। दिल्ली से हज यात्रा के लिए 1800 के करीब आवेदन प्राप्त हुए थे।
कोरोना महामारी की वजह से पिछले 2 सालों से सऊदी अरब सरकार ने बाहर के लोगों को हज की अनुमति नहीं दी थी। इस कारण भारत से हज यात्री नहीं जा सके लेकिन इस वर्ष सऊदी अरब प्रशासन की तरफ से विदेशी हज यात्रियों को बुलाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत भारत से 79237 यात्रियों को सऊदी अरब भेजने के लिए कोटा निर्धारित किया गया है। इस कोटे के तहत दिल्ली से 835 यात्रियों का चयन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी दिल्ली से हमेशा अधिक संख्या में आवेदन आते हैं लेकिन कोटा कम होने की वजह से यहां से कम यात्री ही भेजे जाते हैं। दिल्ली राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मुख्तार अहमद ने आज होने वाले लकी ड्रॉ में चयनित यात्रियों को मुबारकबाद भी पेश की है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली राज्य हज कमेटी के सदस्य वाजिद खान, सैयद शादाब हुसैन रिजवी अशरफी, अधिशासी अधिकारी नवेद आलम, उप अधिशासी अधिकारी मोहसिन अली आदि उपस्थित थे।
मीडिया से बातचीत में मुख्तार अहमद ने बताया है कि दिल्ली के हज यात्रियों का कोटा बढ़ाए जाने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया को पत्र लिखा गया है। उनका कहना है कि पहले भी हज कमेटी ऑफ इंडिया की तरफ से विशेष महत्व दिया जाता रहा है और अधिक से अधिक कोटा दिल्ली को अलॉट किया जाता रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि हज कमेटी ऑफ इंडिया उनकी मांग पर विचार करेगी और अधिक से अधिक बचे हुए कोटे को दिल्ली को देने की कोशिश करेगी।
उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए 13 डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर तैयार हैं। उनके जरिए हज यात्रियों को यात्रा से संबंधित तमाम जानकारी प्रदान की जाएगी। दिल्ली के यात्रियों की मक्का-मदीना में देखभाल के लिए पांच खादिम-उल-हुज्जाज (हजियों के सेवक) भी भेजे जाएंगे। उन्होंने इस बात की संभावना जताई है कि हज यात्रा पर जाने के लिए दिल्ली से 31 मई 2022 से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। फ्लाइटों का शेड्यूल आने के बाद यात्रियों को सूचित किया जाएगा। अगर दिल्ली का कुछ कोटा बढ़ाया जाता है तो उसके लिए एक खादिम-उल-हुज्जाज की अतिरिक्त व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों की एक अलग से वेटिंग लिस्ट भी बनाई गई है। कोटा मिलने के बाद उसी को पहले क्लीयर किया जाएगा।



