नई दिल्ली- 26 अप्रैल। रूस और यूक्रेन के बीच दो माह से चल रहे युद्ध के दौरान अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगा रखे हैं। अब इसके जवाब में रूस ने अब पड़ोसी यूरोपीय देश पोलैंड के खिलाफ बड़ा फैसला लिया है। रूस ने पोलैंड को आपूर्ति की जाने वाली प्राकृतिक गैस की सप्लाई पर रोक लगा दी है।
रूस की इस कार्रवाई को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोप के अन्य देशों को एक सख्त संदेश दिया है कि अगर रूस के खिलाफ आर्थिक युद्ध और यूक्रेन की मदद करना बंद नहीं किया गया तो वह पूरे यूरोप के खिलाफ यह कदम उठा सकते हैं।
दरअसल, यूक्रेन पर चढ़ाई के कुछ दिनों बाद ही पोलैंड ने अपने यहां काम कर रहे 45 रूसी राजनयिकों को जासूसी के आरोप में देश से निकला दिया था। इसके अलावा अमेरिका से यूक्रेन को हथियार आपूर्ति करने में भी पोलैंड बड़ा मददगार बना हुआ था। पुतिन की इस कार्रवाई को जवाबी कार्रवाई माना जा रहा है। जंग शुरू होने पर ही पोलैंड ने ऐसी आशंका जताई थी कि रूस भविष्य में ऐसा कदम उठा सकता है।
उल्लेखनीय है कि रूस दुनिया का सबसे बड़ा गैस उत्पादक देश है। यूरोप भी अपनी खपत का 40 प्रतिशत गैस के लिए रूस पर निर्भर है। यह गैस यूक्रेन के रास्ते पाइपलाइन के जरिए यूरोप आती है। पोलैंड भी अपनी खपत का लगभग 55 प्रतिशत गैस रूस से ही मंगवाता है।