
MADHUBANI:- धौंस नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि
मधुबनी- 10 अक्टुबर। नेपाल के जलधिग्रहण क्षेत्र से पानी आने का सिलसिला जारी है। जिससे अधवारा समूह के धौंस नदी का जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। लिहाजा, बेनीपट्टी प्रखंड के करहारा और बर्री पंचायत में पानी का स्तर बढ़ रहा है। सुबह सुबह नदी का जलस्तर बढ़ने से करहारा के कोन्हा चौर में जमींदारी बांध पर पानी का प्रेसर बन गया। जिससे बांध दरकने लगा। इसकी जानकारी होते ही मुस्तैद जल संसाधन विभाग के जेई और ग्रामीणों के सजगता से फिलहाल बांध को सुरक्षित कर दिया गया है। हालांकि, विभाग के कार्यशैली पर ग्रामीणों ने नाराजगी भी व्यक्त की है। पूर्व मुखिया भोगेन्द्र मंडल ने बताया कि, बांध मरामम्मति के नाम पर विभाग खानापूर्ति करती है। मरम्मती का काम तीन माह पूर्व होना चाहिए था। लेकिन विभाग पानी के इंतजार में रहती है। आपको बता दे कि अधवारा समूह के नदियों के जलस्तर बढ़ने से बेनीपट्टी के रजवा, धनुषी, करहारा के चारों ओर पानी फैल चुका है। करहारा के बघार में पानी यूं फैला है, मानो तालाब हो। उधर, जल संसाधन विभाग के जेई नागमणि ने बताया कि यहां हमलोग संवेदक के साथ पिछले चार दिनों से लगे हुए है। बांध की मजबूती पहली प्राथमिकता है। उधर, बघार में असमय पानी जमा हो जाने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीर उग गयी है। किसानों का कहना है कि शुरू में बारिश नही होने के कारण धान की रोपनी नही हुई, अब पानी जमा हो जाने से गेंहू की खेती में प्रभावित होगी।