
39 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, 2 गिरफ्तार
औरैया- 04 नवम्बर। अजीतमल कोतवाली पुलिस ने करीब 39 लाख की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपितों का एक साथी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
रायबरेली जनपद के पोस्ट उसरू अंतर्गत मदनापुर गांव निवासी मोहित सिंह पुत्र रामकुमार ने एयरफोर्स में कार्यरत अपने भाई रोहित सिंह से अलग-अलग कई बार में 38 लाख, 91,950 हजार रुपये ठगे जाने की तहरीर दी थी।
अजीतमल कोतवाली पुलिस ने 10 अक्टूबर को नामजद क्षेत्र के बाबरपुर कस्बा अंतर्गत मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी विकास तिवारी उर्फ विक्की व गौतमबुद्ध नगर जनपद के थाना सेक्टर 37 नोएडा क्षेत्र के छलेरा निवासी अनुज कुमार पुत्र जगपाल सविता व जालौन जनपद के थाना सिरसा कलार क्षेत्र के सिमरा शेखपुर गांव निवासी शिवम तिवारी पुत्र प्रमोद कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया था। आरोपितों ने आईआरडीए का अधिकारी बनकर रोहित सिंह को झांसे में ले लिया था और प्रीमेच्योर पॉलिसी स्कीम का झांसा देकर उक्त रुपये धीरे-धीरे कई बार में अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने शुक्रवार को बताया कि आरोपित विकास तिवारी व अनुज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वही, इनका साथी शिवम तिवारी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के पास से ठगी के एक लाख बीस हजार रुपये नकद व घटना में प्रयुक्त दो लैपटॉप,आठ एटीएम कार्ड, एक लाइसेंस, एक वाईफाई सेट, आठ कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉइड मोबाइल, एक यात्रा कार्ड बरामद हुए हैं। वही 14 लाख 65 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए हैं।



