
2024 में प्रधानमंत्री बनेंगे राहुल गांधी: अजीत शर्मा
भागलपुर- 02 जनवरी। भागलपुर के विधायक सह बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा के द्वारा उनके आवास पर सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के अवसर पर पद यात्रा कार्यक्रम का आयोजन एवं मेरे प्रयास 2022 पुस्तिका के लोकार्पण के अवसर पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि काम ही हमारा परिचय है और एकता ही हमारा मिशाल है। इस सूत्र पर हम सभी आगे बढ़ रहे हैं। जल्द ही विश्व पटल पर अपने भारत को एक अलग पहचान दिलाएंगे। 2024 में कांग्रेस पूर्णरूपेण बहुमत में आकर जनता का सहयोग करेगी। विधायक ने केंद्र सरकार को कोसते हुए कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। उसे खत्म करने में कांग्रेस ही नया रास्ता अख्तियार कर सकती है।
2024 पूर्णरूपेण कांग्रेस का है। इस रैली का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि भारत के लोगों को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई से निजात दिलाना है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा 5 जनवरी से बौंसी मंदार से प्रारंभ होगा। इस रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे।
यह पदयात्रा मंदार बौसी से प्रारंभ होकर भागलपुर, नवगछिया होते हुए आगे बढ़ेगी। इस दौरान विधायक ने मेरे प्रयास 2022 पुस्तक का विमोचन किया। जिसमें विधानसभा में उन्होंने जितनी बातें जनता के लिए उठाई है और कहां तक पारित हो सकी है। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।



