
150 ग्राम चरस के साथ साधु गिरफ्तार
जम्मू- 11 नवंबर। जम्मू शहर के तवी पुल के अंतर्गत पड़ते मंदिर-मस्जिद प्वाइंट पर स्थित एक मंदिर के नजदीक पुलिस ने साधु को गिरफ्तार किया है। साधु के कब्जे से पुलिस ने 150 ग्राम चरस को पकड़ा है।
बुधवार देर रात तवी पुल के पास गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने कुछ युवकों को एक साधु के पास खड़े देखा। पुलिस को इन सभी को देखकर शक हुआ और वह उनकी तरफ बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस कर्मियों को अपनी तरफ आते देख सभी युवक मौके से भाग निकले। हालाकि पुलिस कर्मियों ने युवकों का पीछा किया लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। इस बीच वहां खड़े साधु ईश्वर गिरि निवासी ज्यूल चौक से पुलिस कर्मियों ने पूछताछ की। साधु की तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई। पुलिस साधु को पूछताछ के लिए नवाबाद पुलिस थाने ले गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।



