
हैदराबाद: बेकाबू कार की टक्कर से दो इंजीनियरिंग छात्रों सहित 3 की मौत
हैदराबाद- 08 अप्रैल। हैदराबाद शहर के वनस्थलीपुरम थाना क्षेत्र के हस्तिनापुरम में सागर रोड पर बुधवार तड़के सुबह एक अनियंत्रित कार ने एक स्कूटी सवार दाे छात्राें व एक राहगीर सहित तीन लाेगाें की माैत हाे गई। घटना के बाद गुस्साए कॉलेज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।
बताया गया कि सागर रोड स्थित हस्तिनापुरम के सुपर होम्स अभिरामा के समीप तेज रफ्तार नई होंडा सिटी कार ने एक स्कूटी और एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। हादसे के दौरान कार ने कथित तौर पर पीड़ितों को करीब 100 मीटर तक घसीटा, जिसके बाद वाहन पलट गया। मृतकों में इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्र और एक पैदल यात्री है।
मृतकों की पहचान महावीर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शिवा और संदीप के रूप में हुई है, जो स्कूटी पर सवार थे। पुलिस के अनुसार दोनों छात्र पार्ट टाइम डिलीवरी ब्य़ॉय के तौर पर काम करते थे। वे नलगोण्डा जिले के मिरयालगुड़ा और अलवाल गांव के रहने वाले बताए जाते हैं।
वनस्थलीपुरम् के एसआई वाई रवि ने मौके पर बताया कि कार चला रहा व्यक्ति कथित तौर पर शराब के नशे में था। उसने सुबह के समय तेज गति से वाहन चलाते हुए एक स्कूटर और एक पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मारकर राैंद दिया। पैदल चल रहे युवक की खबर लिखे जाने तक पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना से आक्रोशित कॉलेज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से चालक को उनके हवाले करने की मांग की। छात्रों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।



