
हुंडई ने भी नए साल से वाहनों के दाम बढ़ाने का किया ऐलान
नई दिल्ली- 15 दिसंबर। मारुति और टाटा के बाद वाहन निर्माता कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने अपने वाहनों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा कि बढ़ती लागत के चलते अगले महीने अपने सभी मॉडलों के दाम में इजाफा करेगी। नई कीमतें जनवरी से लागू होंगी।
कंपनी ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि कंपनी ने फिलहाल बढ़ती लागत का बोझ खुद वहन करना जारी रखा है। हालांकि, अब वह लागत वृद्धि का कुछ बोझ ग्राहकों पर डालने जा रही है। कंपनी ने कहा कि एचएमआईएल के विभिन्न मॉडलों के लिए नई कीमतें जनवरी, 2023 से लागू होंगी,लेकिन कंपनी ने यह नहीं बताया है कि वह कीमतों में कितनी इजाफा करेगी।
इससे पहले हुंडई मोटर से पहले वाहन क्षेत्र की बड़ी कंपनियों मसलन मारुति सुजुकी इंडिया,टाटा मोटर्स, मर्सिडीज-बेंज,ऑडी,रेनो,किआ इंडिया और एमजी मोटर ने भी नए साल से अपने वाहनों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। हालांकि, हुंडई की कार अभी खरीदने पर 1.50 लाख रुपये तक छूट मिल सकता है। ये छूट कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट डिस्काउंट के रूप में मिल रही है।



