भारत

हम 400 पार की बात करते हैं, तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है: अमित शाह

मथुरा- 20 अप्रैल। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी के समर्थन में वृंदावन के प्रियाकांत जू मंदिर के पास वृंदावन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। वहीं, अमित शाह कार्यक्रम में पहुंचे ही थे तभी अचानक बाएं तरफ टेंट में लाइट के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने तत्काल आग को बुझाया। जब आग लगी तो हेमा मालिनी मंच पर भाषण दे रही थीं।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हेमामालिनी की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक ओर गरीब के घर में पैदा हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं तो दूसरी ओर चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए राहुल गांधी बाबा हैं। राहुल गांधी जहां थाइलैन्ड में छुट्टिया मनाते हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी दीपावली तक में छुट्टियां नहीं लेते हैं। जनता को इन दोनों के बीच में तय करना है किंतु जनता ने स्पष्ट तौर से अपना मन कांग्रेस और सपा का सूपड़ा साफ करने का बना लिया है। पहले चरण का मतदान हो चुका है, पहले चरण में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो चुका है। दूसरे चरण में भी इस यात्रा को जारी रखते हुए, वृंदावन से काशी तक कमल को विजयी बनाना है। 70 वर्षों तक कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर को लटकाए रखा। पीएम मोदी ने 5 वर्षों में ही राम मंदिर का केस भी जीता, भूमिपूजन भी किया और प्राण प्रतिष्ठा भी की। कांग्रेस और सपा को प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया, लेकिन वोट बैंक के लालच में ये नहीं गए।

गृहमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को समृद्ध किया है। देश के अर्थतंत्र को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लाने का काम किया है। नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दो तो भारत दुनिया का तीसरे नंबर का सबसे बड़ा अर्थतंत्र बन जाएगा। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह वो नेता थे। जिन्होंने किसानों की भूमि को सुरक्षित करने का काम किया। चौधरी साहब ने कांग्रेस, किसानों की भूमि बचाने के लिए छोड़ी थी। कांग्रेस ने इतने सालों तक उन्हें ’भारत रत्न’ नहीं दिया। चौधरी चरण सिंह को ’भारत रत्न’ देने का काम पीएम मोदी ने किया है।

2017 के बाद पश्चिमी यूपी से गुंडों का पलायन हो रहा—

अमित शाह ने आगे कहा कि 2014 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पलायन हो रहा था। सपा के गुंडे लोगों को परेशान कर रहे थे। लोग यूपी छोड़ कर जा रहे थे। 2017 में आपने भाजपा सरकार बनाई, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था को ठीक किया, जिसके बाद लोगों ने नहीं, गुंडों ने पलायन किया।

कांग्रेस देश में झूठ फैला रही—

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम 400 पार की बात करते हैं, तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। ये देश में झूठ फैला रहे हैं कि अगर भाजपा को 400 सीटें मिल गईं, तो ये आरक्षण खत्म कर देंगे। ये झूठों के सरदार हैं। कांग्रेस विकास विरोधी पार्टी है।

सभा में ये रहे मंचासीन—

सभा में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बृज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष रालोद जयंत चौधरी, मथुरा जिला प्रभारी अशोक कटारिया, सांसद प्रत्याशी हेमा मालिनी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, लोकसभा प्रभारी श्याम भदौरिया, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, भुवन भूषण कमल, क्षेत्रीय महामंत्री नगेंद्र सिकरवार, डॉ देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। जनसभा का संचालन महामंत्री सुनील चतुर्वेदी एवं देवेश पाठक ने किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button