
हम देश के नागरिकों का अधिकार किसी भी कीमत पर नहीं छिनने देंगे: प्रियंका
मधुबनी- 26 अगस्त। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। ‘वोट अधिकार यात्रा’ के तहत मधुबनी पहुंचे कांग्रेस और राजद के शीर्ष नेताओं ने एनडीए सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। इस मंच से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राजद नेता तेजस्वी यादव, जन अधिकार पार्टी प्रमुख पप्पू यादव और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुखिया मुकेश सहनी ने एक सुर में केंद्र सरकार पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने केंद्र पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा, “बिहार की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। उनके वोट डालने के अधिकार को छीनने की साजिश रची जा रही है। सरकार 60 से 70 लाख लोगों को वोट डालने से वंचित करने की योजना बना रही है, लेकिन उनकी ये मनसा कभी पूरी नहीं होगी। हम अपने देश के नागरिकों का अधिकार किसी भी कीमत पर नहीं छिनने देंगे। वहीं राहुल गांधी ने अमित शाह के 50 साल तक भाजपा के शासन के दावे पर तंज कसते हुए कहा, जिस दिन अमित शाह ने कहा था कि भाजपा यहां 50 साल तक राज करेगी, उसी दिन मैंने तय कर लिया कि इस पर रिसर्च करूंगा कि आखिर कैसे ये मुमकिन है? अब सच्चाई जनता के सामने लाने का वक्त है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा, “2025 के चुनाव में वोट चोरों को ऐसे रगड़ कर भगाना है जैसे खैनी में चुना डालकर रगड़ते हैं। बिहार की जनता अब और धोखा नहीं खाएगी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने केंद्र और राज्य सरकार पर 71 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार की जननी बन चुकी है, और जनता अब इसका जवाब देने को तैयार है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद ने मंच से कहा, “जिस तरह पंजाब की जनता ने 13 में से 13 सीटें जीतकर मोदी को जीरो पर आउट किया, उसी तरह बिहार की जनता को भी 2025 में एनडीए को पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखाना होगा। सभा में कांग्रेस नेता अमानुल्लाह खान, नलिनी रंजन झा उर्फ रूपम, इंतजार अहमद, मकसुदा मुखिया, राजद नेता राम कुमार यादव व प्रदीप यादव समेत कई नेता मौजूद रहे। हालांकि, संकरी जगह में सभा का आयोजन होने के कारण राहुल गांधी के आगमन के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभा के बाद जन प्रतिनिधियों का काफिला खोपा, भुतहा, सिजोलिया, फूलपरास, झंझारपुर, सरसोपाही, शकरी होते हुए दरभंगा की ओर रवाना हुआ।