
हमारे सामने है समाज में घोले जा रहे जहर को दूर करने की चुनौती : दिग्विजय सिंह
भोपाल, 25 दिसम्बर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने इन दोनों संगठनों पर समाज में जहर घोलने का आरोप लगाया है।
दिग्विजय सिंह शनिवार को भोपाल के तुलसीनगर स्थित नर्मदा भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न स्थानों से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सत्ता की लड़ाई नहीं है, विचारधारा की लड़ाई है। जिन लोगों को कांग्रेस की विचारधारा में पूरा भरोसा नहीं है वे चाहें तो अभी छोड़कर चले जाएं। कांग्रेस पार्टी सिद्धांतों की राजनीति करती है, इसमें सौदेबाजी की गुंजाइश नहीं है। इस समय देश के सामने चुनौती सिर्फ चुनावी राजनीति की नहीं है, बल्कि आरएसएस और भाजपा के द्वारा समाज में जो जहर घोला जा रहा है उसे दूर करने की है।
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मप्र में कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए शनिवार को नर्मदा भवन में कांग्रेस के प्रतिनिधियों का प्रथम चरण का एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में रायसेन, विदिशा, भोपाल, सीहोर सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। दिग्विजय सिंह इस जन जागरण अभियान के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस जन जागरण अभियान के प्रभारी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सबको जोड़ना है और घर घर जाकर कांग्रेस का संदेश लोगों तक पहुंचाना है। महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा की दुष्प्रचार मशीनरी का सामना करने और हर झूठ का निडरता से सामना करना होगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस के जन जागरण अभियान के ट्रेनर मृनाल पंत ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से सिर्फ कुछ चुने हुए पूंजीपतियों को फायदा पहुंच रहा है और भारत की आम जनता लगातार गरीब होती जा रही है। मनमोहन सिंह सरकार के समय में अगर डीजल और पेट्रोल पर एक पैसा टेक्स लिया जाता था तो मोदी सरकार में 10 पैसा टैक्स लिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, मुख्य वक्ता पीयूष बबेले, अवनीश भार्गव ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षण शिविर का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता विभा पटेल ने किया। इस अवसर पर विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, यासिर हसनात एवं कांग्रेस के पूर्व पार्षदगण महिला कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष संतोष कंसाना , ब्लॉक अध्यक्षण मुजाहिद सिद्दीक़ी, वार्ड अध्यक्षगण, सोशल मीडिया पदाधिकारीगण सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।



