भारत

हमारी सरकार GST में भी कर रही सुधार,दिवाली से पहले मिलेगी बड़ी सौगात : PM

अहमदाबाद- 25 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी आज से दो दिन के गुजरात प्रवास पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से निकोल तक भव्य रोड शो किया और एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शहरी विकास वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में 5477 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में सभी ने मेक इन इंडिया अपनाने का संकल्प लिया।

भारतीय जनता पार्टी गुजरात प्रदेश के मीडिया विभाग ने एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देशभर में गणेश उत्सव का अद्भुत उत्साह देखने को मिल रहा है। गणपति बाप्पा के आशीर्वाद से गुजरात के विकास से जुड़े अनेक कार्यों का श्रीगणेश हुआ है। यह मेरा सौभाग्य है कि अनेक परियोजनाएं जनता को समर्पित करने का अवसर मिला। इन विकास कार्यों के लिए जनता को बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। देश के अन्य राज्यों में भी बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। हर प्रभावित परिवार के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रकृति का प्रकोप आज पूरे देश और दुनिया के लिए चुनौती बना हुआ है। केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य कर रही है।

मोदी ने आगे कहा कि गुजरात की धरती दो “मोहन” की धरती है। एक सुदर्शन चक्रधारी मोहन अर्थात हमारे द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण और दूसरे चरखा धारी मोहन अर्थात पूज्य बापू जी। आज हम दोनों के दिखाये मार्ग पर चलकर निरंतर मजबूत हो रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि समाज और देश की रक्षा कैसे करनी है। उनका सुदर्शन चक्र न्याय और सुरक्षा का कवच बना, जो दुश्मन को पाताल में जाकर भी सजा देता है। यही भावना आज भारत के निर्णयों में देश और दुनिया महसूस कर रही है।

अहमदाबाद के पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात और खासकर अहमदाबाद ने ऐसे दिन भी देखे जब दंगाइयों, चाकू चलाने वालों और कर्फ्यू के कारण त्योहारों पर खून-खराबा होता था, लेकिन आज आतंकियों और उनके आकाओं को सरकार छोड़ती नहीं है। पहले की दिल्ली की कांग्रेस सरकारें चुप बैठी रहती थीं, जब हमारे जवानों का खून बहता था लेकिन दुनिया ने देखा कि पहलगाम का बदला भारत ने कैसे लिया- 22 मिनट में हमारी सेना ने सफाचट कर दिया। तय किए गए लक्ष्य पर सेना ने वार कर आतंकवाद की नाभि पर हमला किया। ऑपरेशन सिंदूर सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्रधारी मोहन के भारत की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि चरखा धारी मोहन, पूज्य बापू जी ने भारत की समृद्धि का मार्ग स्वदेशी में बताया था। साबरमती आश्रम इसका साक्षी है। लेकिन जिन लोगों ने बापू के नाम पर सत्ता का सुख भोगा। उन्होंने स्वदेशी के मंत्र के साथ क्या किया ? उनके मुंह से न तो स्वच्छता और न ही स्वदेशी का शब्द सुनाई देता है। 60–65 वर्षों तक कांग्रेस ने शासन किया और भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा ताकि वे सत्ता में बैठे-बैठे आयात से खेल सकें लेकिन आज भारत ने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत के निर्माण का आधार बनाया है। किसानों, मछुआरों, पशुपालकों और उद्योगकारों के दम पर भारत तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। गुजरात का डेयरी सेक्टर बहुत मजबूत है और इसमें बहनों का योगदान सबसे बड़ा है। उन्होंने पशुपालन कर डेयरी शक्ति को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने छोटे उद्योगकारों, किसानों, पशुपालकों से कहा कि आज दुनिया में आर्थिक स्वार्थ की राजनीति हो रही है। मैं अहमदाबाद की धरती से वचन देता हूं कि मोदी के लिए आपका हित सर्वोपरि है। मेरी सरकार कभी आपके साथ अन्याय नहीं होने देगी। कितना भी दबाव आए, हम उसे सहन करने की शक्ति बढ़ाते रहेंगे। आत्मनिर्भर भारत अभियान को गुजरात से बहुत ऊर्जा मिली है। यह दो दशकों की मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि कभी अहमदाबाद में दूध-छाछ के लिए भी कर्फ्यू लगते थे, लेकिन आज अहमदाबाद देश का सबसे सुरक्षित शहर बन चुका है। गुजरात की शांति और सुरक्षा ने हर क्षेत्र में विकास के अवसर बढ़ाए हैं। आज गुजरात मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर चुका है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि गुजरात में बने मेट्रो कोच अन्य देशों में निर्यात हो रहे हैं। बड़ी-बड़ी कंपनियाँ गुजरात में कारखाने लगा रही हैं। इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन का भी गुजरात बड़ा केंद्र बन रहा है। सेमीकंडक्टर सेक्टर, टेक्सटाइल, जेम्स-ज्वेलरी, दवा और वैक्सीन निर्माण में गुजरात अग्रणी है। ग्रीन एनर्जी और पेट्रोकेमिकल हब के रूप में भी गुजरात की भूमिका अहम है।

उन्होंने कहा कि साबरमती आश्रम का नवीनीकरण हो रहा है। सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा के बाद यह कार्य ऐतिहासिक है। गरीब जब गरीबी से बाहर निकलते हैं तो नया नियो मिडल क्लास बनकर देश की ताकत बनते हैं। हमारी सरकार ने 12 लाख की आय पर आयकर माफ कर दिया। जीएसटी में भी सुधार हो रहे हैं और दिवाली से पहले बड़ी सौगात मिलने वाली है। स्वच्छता अभियान एक दिन का काम नहीं, बल्कि रोज का कार्य है।

प्रधानमंत्री ने साबरमती रिवरफ्रंट, कांकड़िया कार्निवल, अहमदाबाद के पर्यटन महत्व का भी उल्लेख किया और कहा कि अहमदाबाद यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी है। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल संस्कृति का ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता का भी उत्सव बनना चाहिए। 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और इसका रास्ता स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से होकर जाता है।

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने संबोधन में कहा कि गुजरात के पनोता पुत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्रभाई मोदी ने लगातार 4078 दिनों से अधिक शासन कार्य कर देश की राजनीति में अनूठा इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर सफलतापूर्वक पूरा किया। यह मोदी जी के नेतृत्व में भारत की शक्ति और आत्मनिर्भरता का परिचायक है।

इस कार्यक्रम में राज्य के मंत्रीगण, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button