
स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर मधुबनी के उपभोक्ताओं का जोरदार विरोध प्रदर्शन
मधुबनी-08 सितंबर। स्मार्ट मीटर को हटाकर फिर से पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर शहर के उपभोक्ताओं ने गुरुवार को बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शहर के भौआड़ा, भच्छी, गोवा पोखर, गिलेशन बाजार के उपभोक्ताओं ने बिजली कार्यालय में हो हंगामा कर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का कहना था कि जबसे स्मार्ट मीटर लगा है, रिचार्ज करने के तुरंत बाद पैसा कट जाता है। स्मार्ट मीटर में बहुत पैसा कट रहा है। जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। ये स्मार्ट मीटर उनके लिए परेशानी बनकर आया है। इससे गर्मी में हाल बेहाल हो गया है। इससे अच्छा पहले वाला मीटर था। वे विभाग से इसे बदलने की मांग कर रहे थे।
बिजली उपभोक्ता मुनकी देवी, अताउर रहमान अंसारी,लक्ष्मी देवी, चंदन कुमार,शाहजहां अंसारी ने कहा कि स्मार्ट मीटर को अविलंब बदला जाए। पुराने बिल जो एवरेज करके दिया जाता था उसे ठीक कर दिया जाए एवं कार्यालय के कर्मियों के स्टाफ द्वारा उपभोक्ताओं के साथ जो व्यवहार किया जाता है उससे उपभोक्ता असंतुष्ट है। उसमें सुधार लाया जाए। हंगामा के कारण करीब एक घंटे तक बिजली कार्यालय में कामकाज प्रभावित हुआ। बाद में तीन सूत्री मांगों को लेकर एक आवेदन विद्युत कार्यपालक अभियंता को सौंपा।
क्या कहते हैं विद्युत ईओ-
विधुत कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि स्मार्ट मीटर सरकार के आदेश पर लग रहा है। इसे बदलना संभव नही है। इसमें अगर कोई फाल्ट होगा तो उसका समाधान आवेदन प्राप्त होने पर किया जाएगा।



