
सुप्रीम कोर्ट में केन्द्र सरकार ने कहा- सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से नहीं हो रहा प्रदूषण
नई दिल्ली- 01 दिसंबर। केंद्र सरकार ने कहा है कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से कोई प्रदूषण नहीं हो रहा है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में ये बात कही है। केंद्र सरकार ने कहा है कि धूल के प्रबंधन के लिए सभी नियमों का पालन किया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने कहा है कि सीपीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे सभी कामों को रोक दिया गया है, केवल सेंट्रल विस्टा के प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है क्योंकि यह राष्ट्रीय महत्व का प्रोजेक्ट है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रवि कुमार अरोड़ा ने कहा कि जहां तक संसद भवन और सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का सवाल है तो वहां निर्माण और कचरा प्रबंधन के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। प्रदूषण न फैले, इसका हरसंभव ख्याल रखा जा रहा है।
दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार से पूछा था कि क्या सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से प्रदूषण फैल रहा है। याचिकाकर्ता के वकील आदित्य दुबे ने कहा था कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से सेंट्रल दिल्ली में प्रदूषण की समस्या ज्यादा है। इस मामले पर कल यानि 2 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।



