
सीपीआई ने शुरू की भाजपा हटाओ, देश बचाओ अभियान
मधुबनी- 15 अप्रैल। जयनगर प्रखंड क्षेत्र में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कोरहिया शाखा कार्यकारिणी की बैठक को कॉमरेड कपिलदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सीपीआई राज्य परिषद सदस्य व बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन के राज्य सचिव किरणेश कुमार,शाखा मंत्री महेंद्र साह,रामपुकार मुखिया,तेतर यादव,मदन यादव,रामसुबरन यादव,रामदेव राय,हिताई मुखिया,हंसराज मुखिया आदि उपस्थित थे। बैठक में भूमि संघर्ष तेज करने और बटाईदारों को जमीन का रसीद कटवाने, 15 वीं वित्त आयोग की राशि से संचालित योजनाओं में बरती जा रही धांधली की जांच कराने, धान खरीद में हुए घोटाले की जांच कराने आदि सवालों को लेकर आंदोनलन तेज करने का निर्णय लिया गया। मई महीने में जयनगर अनुमंडल पर और आठ नौ जून को जिलाधिकारी के कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का फैसला लिया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए सीपीआई राज्य परिषद सदस्य किरणेश कुमार ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली नरेंद मोदी की सरकार संविधान,लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही है। इस सरकार में दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर हमले बढ़े हैं। संविधान को समाप्त कर देश पर नागपुर से संचालित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का संविधान देश पर थोपा जा रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पूरे राज्य में भाजपा हटाओ, देश बचाओ राजनीतिक अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत 15 मई तक गांव-गांव पदयात्रा निकालेगी। आठ एवं नौ जून को मधुबनी में जिला अधिकारी के कार्यालय पर जन सत्याग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश में लोकतंत्र के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिह्न लग गया है। धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को रौंदा जा रहा है। मोदी सरकार का जो विरोध करता है, उसके पीछे केंद्रीय एजेंसियों को लगाया जाता है। विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया जाता है, लेकिन जो भ्रष्टाचारी भाजपा में चले जाते हैं, उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। सरकारी सम्पतियों को कौड़ी के भाव में पूंजीपतियों को सौंपी जा रही है। मोदी सरकार की गरीब मजदूर किसान विरोधी एवं काँरपोरेट पक्षी नीतियों के खिलाफ भाकपा ने आंदोनलन का शंखनाद कर दिया है।



