
सीतामढी/बिहार-9 नवंबर। सीतामढी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र लालबकेया नदी के ऑफिस घाट पर मंगलवार को घाट की सफाई करने के दौरान एक साथ तीन युवक नदी में डूब गये। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को बचा लिया गया] लेकिन एक युवक की मौत हो गयी।मृतक बैरगनिया थाना क्षेत्र के अशोगी गांव निवासी जीतेंद्र कुमार का 19 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार है।
बताया जाता है कि ऑफिस घाट पर छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ सफाई की जा रही थी। तीनों युवक भी घाटों की साफ सफाई में जुटे हुए थे तभी अचानक नदी के गहरे पानी में तीनों डूब गये। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गयी। जिसके बाद ग्रामीण तीनों को बचाने के लिए नदी में कूद गये।काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दो युवकों को बचा लिया लेकिन तीसरे को बचाने में उन्हें सफलता नहीं मिली और नदी में डूबने से उसकी मौत हो गयी। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।



