भारत

सारस से बिछुड़ने के बाद अब आरिफ़ के साथ बाज की दोस्ती

रायबरेली-07अगस्त। सारस से दोस्ती को लेकर खासा सुर्खियों में आए आरिफ को लेकर बाज प्रेम की नई कहानी सामने आई है। अब उनकी एक बाज से दोस्ती हुई है, जो उनके साथ रह रहा है। सोशल मीडिया में यह कहानी भी वायरल हो रही है। यह बाज भी उन्हें सारस की तरह रायबरेली में घायल अवस्था में ही मिला था।

अमेठी जनपद के जामो थाना क्षेत्र के मंडखा निवासी आरिफ कुछ माह पूर्व सारस से दोस्ती और उस पर हुए विवाद के कारण खासे सुर्खियों में रहे हैं। उनके विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण के तहत कानूनी कार्रवाई भी हुई थी और उनके दोस्त सारस को उनसे अलग करके कानपुर के चिड़ियाघर में छोड़ा गया था। इस विवाद के बाद अब उन्हें नए पक्षी बाज से प्रेम हुआ है। करीब एक माह पूर्व रायबरेली के नसीराबाद में उन्हें एक बाज के घायल होने की सूचना मिली थी। यह बाज किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गया था। इस सूचना पर आरिफ नसीराबाद पहुंचे और घायल बाज को लेकर गौरीगंज के सरकारी अस्पताल गए, जहां बाज का इलाज किया गया।

बताते हैं कि चार पांच दिन में यह बाज स्वस्थ हो गया और अब उन्हीं के साथ रहता है। बाज भी आरिफ के प्रेम में आसक्त है। बाज उनके कंधे पर बैठ जाता है, और सारस की तरह ही उनके साथ खाना खाता है। जबकि बाज के बारे में आम धारणा है कि वह किसी का आहार नहीं खाता, खुद शिकार करता है,तभी खाता है। किंतु इस बाज ने इस धारणा को भी झुठला दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाज को छोड़ देने पर वह उड़ जाता है और आरिफ के घर के ऊपर मंडराता रहता है, फिर खुद ही आरिफ के पास आ जाता है। इस बारे में आरिफ का कहना है कि सारस राजकीय पक्षी था, इसलिए उसे छीन लिया गया, किंतु बाज को नहीं छीना जायेगा।

गौरतलब है कि सारस से आरिफ की दोस्ती को उस समय खूब सुर्खियां मिली, जब बीती पांच मार्च को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सारस की दोस्ती देखने आरिफ के घर पहुंचे थे। उसके बाद अखिलेश यादव सारस और आरिफ की फोटो सोशल मीडिया में ट्वीट करके सरकार पर तंज कसा था। अमेठी के डीएफओ डी एन सिंह का कहना है कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button