भारत

सलमान खुर्शीद के बयान पर विहिप ने कहा ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि’

नई दिल्ली- 27 दिसंबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने इसे विनाश काले विपरीत बुद्धि की संज्ञा दी है। विहिप ने इस बयान के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की भी मांग की है।

विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सलमान खुर्शीद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा जिस कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व को सिरे से नकार दिया था, यहां तक कि देश की सर्वोच्च अदालत में यूपीए सरकार के कार्यकाल में हलफनामा तक दायर कर कह दिया था कि राम तो इस देश में हुए ही नहीं, उस कांग्रेस को आज भगवान राम और उनके खड़ाऊं की याद आ रही है।

भगवान राम की तुलना राहुल गांधी से करने को निंदनीय करार देते हुए विहिप ने कहा कि देश का हिंदू समाज इसे कतई स्वीकार नहीं करेगा। कांग्रेस समाप्ति की ओर है और यह बयान विनाश काले विपरीत बुद्धि का परिचायक है। बंसल ने कांग्रेस नेता द्वारा दिए गए इस तरह के बयान के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की भी मांग की।

वहीं राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करने की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस के नेता महापरिक्रमावादी हैं और उन्हें गांधी-नेहरू परिवार के अलावा कोई और नजर नहीं आता है। खुर्शीद के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि चाहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हों या सलमान खुर्शीद या कांग्रेस के कोई अन्य नेता, ये सभी महापरिक्रमावादी हैं जिन्हें गांधी-नेहरू परिवार के अलावा कोई और नजर नहीं आता।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को ट्रेडमिल वॉक और फोटोबाजी करार देते हुए चुग ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शुक्र है कि भगवान राम को काल्पनिक कथा और कहानी बताने वाले एवं अयोध्या में बाबरी मस्जिद दोबारा बनाने का बयान देने वाले कांग्रेस और कांग्रेसी नेताओं को अब भगवान राम की याद तो आई

आगे चुग ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि यह कांग्रेस का अहंकार है कि उन्होंने गांधी नेहरू परिवार के अलावा किसी और नेता को सम्मान नहीं दिया। सरदार वल्लभ भाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री और नरसिम्हा राव जैसे नेताओं का भी अपमान किया लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के कारण देश की अवसरवादी पार्टियां संकट में हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button