ताज़ा ख़बरें

सर्राफा बाजार: सोना-चांदी में तेजी, चांदी 66 हजार के पार पहुंची, सोना एक बार फिर 54 हजार रुपये के स्तर के काफी करीब

नई दिल्ली- 09 दिसंबर। भारतीय सर्राफा बाजार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन मजबूती का रुख बना रहा। आज की तेजी के कारण 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 53,900 के ऊपर आ गया है। इस तरह से सोना एक बार फिर 54 हजार रुपये के स्तर के काफी करीब आ गया है। सोने की कीमत में आज अलग-अलग श्रेणियों में 134 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 79 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की तेजी दर्ज की गई। सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी आज उछाल आया, जिसकी वजह से इस चमकीली धातु की कीमत 66 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर गई।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 134 रुपये की तेजी के साथ चढ़कर 53,914 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 133 रुपये की मजबूती के साथ 53,698 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 133 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त दर्ज की गई।

इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 49,385 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 101 रुपये उछल कर 40,436 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। जबकि 14 कैरेट (585) सोना आज 79 रुपये मजबूत होकर 31,540 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।

सर्राफा बाजार में सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी आज तेजी का रुख देखा गया। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत में 957 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल आया। इस तेजी के कारण इस चमकीली धातु की कीमत आज उछलकर 66 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर 66,315 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई।

मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का मानना है कि स्पॉट मार्केट में पिछले 2 सप्ताह के दौरान सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 1,500 रुपये तक की तेजी आ चुकी है। चांदी की कीमत में भी अभी तक करीब 4,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक का उछाल आ चुका है। सोना पिछले सप्ताह भी शादी के सीजन की वजह से हो रही खरीदारी के कारण उछलकर 54 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब तक आ गया था। हालांकि, इस सप्ताह के शुरुआती कारोबारी दिनों के दौरान वैश्विक दबाव बढ़ जाने के कारण इसकी कीमत में गिरावट आ गई थी। पिछले दो दिनों की तेजी के कारण सोना एक बार फिर 54 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के करीब पहुंच कर कारोबार करने लगा है।

भारतीय सर्राफा बाजार को शादी ब्याह के सीजन से काफी सहारा मिला है। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव होने के बावजूद भारत में शादी ब्याह का सीजन शुरू होने के बाद से ही सर्राफा बाजार में आमतौर पर तेजी बनी हुई है। हालांकि वैश्विक स्तर पर सोने चांदी की कीमत पर पड़ रहे दबाव के कारण भारतीय सर्राफा बाजार में भी बीच-बीच में दबाव की स्थिति भी बनती रहती है।

बाजार के जानकारों का कहना है घरेलू सर्राफा बाजार अभी एक साथ दो परस्पर विपरीत ट्रेंड का सामना कर रहा है। जहां एक ओर सर्राफा बाजार पर वैश्विक दबाव पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सर्राफा बाजार को शादी ब्याह के सीजन के कारण हो रही खरीदारी से सपोर्ट भी मिल रहा है। यही वजह है कि बाजार में लगातार उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से व्यक्तिगत खरीदारों के अलावा कोई भी बड़ा निवेशक खरीदारी करने से बच रहा है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल छोटे निवेशकों को बाजार की तात्कालिक तेजी से प्रभावित होने से बचने की कोशिश करनी चाहिए। मौजूदा हालात में छोटे निवेशकों को लगातार बाजार की चाल पर नजर रखनी चाहिए और गिरावट आने की स्थिति में ही अपने निवेश सलाहकार से बातचीत करके ही अपनी निवेश योजना को अंतिम रूप देना चाहिए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button