
सरकार ने जनता पर थोपा महंगाई का युद्ध: दीपांकर
रांची- 02 अप्रैल। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन की केंद्रीय कमिटी की तीन दिवसीय बैठक शनिवार को रांची प्रेस क्लब में शुरू हुई। बैठक में झारखंड सहित पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओड़िशा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, असम समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से 75 सदस्य शामिल हुए। बैठक के पहले दिन राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई। इनमें किसान और मजदूरों की मौजूदा समस्या, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, गरीबों के लिए राशन जैसे मुद्दे शामिल थे। बैठक में पार्टी के संस्थापक सदस्य स्वदेश भट्टाचार्य, विदेश और महिला मामले की प्रभारी कविता कृष्णन, किसान नेता राजा राम, राम सिंह, पुरुषोत्तम शर्मा, राज बहुगुणा, बिहार विधानसभा में माले विधायक दल के नेता मनोज मंजिल एवं अन्य केंद्रीय कमिटी के सदस्य मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि वर्तमान दौर की महंगाई सरकार द्वारा छेड़ा गया युद्ध है, जिससे देश की जनता प्रभावित हो रही है। सरकार ने जनता पर महंगाई का युद्ध थोप दिया है। महंगाई के खिलाफ आनेवाले दिनों में माले की ओर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जायेगा। रूस- यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युद्ध खत्म कराने का प्रयास करे। वर्तमान में यूक्रेन के एक करोड़ से अधिक नागरिक शरणार्थी का जीवन जीने को मजबूर हैं।
मौके पर बिहार विधानसभा के सदस्य मनोज मंजिल,माले विधायक विनोद सिंह ने भी संबोधित किया।



