
सड़क हादसों में मैनपुरी के युवक सहित 2 की मौत
फिरोजाबाद- 11 सितम्बर। जनपद में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुए सड़क हादसों में मैनपुरी के युवक सहित दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है।
जनपद मैनपुरी के थाना कुरावली क्षेत्र के गांव सूपा निवासी श्रीदयाल (28) पुत्र मुकुट सिंह अपने ताऊ कायम सिंह (60) पुत्र गुच्छी लाल को बाइक पर बैठाकर सिरसागंज स्थित किसी कार्य से आ रहा था। बताया जाता है कि तभी सिरसागंज क्षेत्र के गुंजन चौक के समीप उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में श्रीदयाल की मौत हो गई। जबकि कायम सिंह घायल हो गए । दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाने के साथ ही घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
वही दूसरी घटना में थाना टूण्डला क्षेत्र के गांव दिनोली निवासी धर्मेन्द्र (28) पुत्र रनवीर सिंह समर सेविल सही करने का काम करता है। बताया जाता है कि वह रविवार को कार्य करने पैदल जा रहा था तभी उसायनी के समीप सड़क पार करते समय उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सूचना परिजनों को दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है।



