
सड़क हादसे में दो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी समेत 4 की मौत, पांच अन्य घायल
अहमदाबाद- 23 दिसंबर। राजकोट के मालियासणा गांव के पास अहमदाबाद-राजकोट हाइवे पर डम्पर और कार की टक्कर में राजकोट के दो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और आपूर्ति विभाग के कर्मचारी सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के जरिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार राजकोट जामनगर रोड पर रहने वाले सेवानिवृत्त सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) जयेन्द्र सिंह झाला, सेवानिवृत्त पृथ्वीराज सिंह झाला और आपूर्ति विभाग के कर्मचारी इंद्रजीत सिंह जाडेजा अपने परिवार के सदस्यों के साथ डाकोर दर्शन करने गए थे। दोनों परिवार के सदस्य डाकोर में रणछोड़राय का दर्शनकर राजकोट लौट रहे थे। अहमदाबाद की ओर जाने वाली सड़क पर इनकी तेज रफ्तार कार गुरुवार देर रात एक डंपर के पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के पिछले हिस्से में दो तीन फीट घुस गया। दुर्घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो अन्य लोगाें की भी मौत हो गई। कार में आगे की सीट पर बैठी महिला का शव काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में दोनों सेवानिवृत एएसआई जयेन्द्र सिंह झाला व पृथ्वी सिंह झाला, आपूर्ति विभाग के कर्मचारी इन्द्रजीत सिंह जाडेजा और उनकी दादी मयाबा जाडेजा की मौत हो गई। घटना में प्रकाशबा जाडेजा, कैलाशबा जाडेजा, प्रियांशी जाडेजा, महेश्वरीबा जाडेजा और सुमाबा झाला घायल हो गए।



