
सड़क कार्य में कोताही बरतने पर नपेंगे संवेदक: प्रधान सचिव
बिहारशरीफ- 28 जनवरी। जिले में नव निर्मित सड़क को विभाग के प्रधान सचिव पंकज पाल ने शुक्रवार को हरनौत-चंडी में निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण सड़कों की मरम्मत की प्रगति पर नाराजगी जताई। मौके पर ही पाल ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर मरम्मत योजना में शामिल सभी सड़कों को ब्लैक टॉप कराना सुनिश्चित करें। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संबंधित संवेदक एवं उनकी निर्माण कंपनियों को ब्लैक लिस्टेड कर दी जाएगी।
पाल के कड़े रुख को देखते हुए आरडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने दस दिनों की मोहलत मांगी है। प्रधान सचिव पाल ने कहा कि मैं पांच फरवरी को फिर आऊंगा और रैंडमली सड़कों की जांच करूंगा। प्रधान सचिव की अगवानी करने के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, डीडीसी सौरभ श्रीवास्तव, हिलसा के एसडीएम राधाकांत, बिहारशरीफ के एसडीएम , ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य अभियंता, हरनौत के सीओ नीरज कुमार सिंह, चंडी के सीओ कुमारी आंचल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सौरव सिन्हा समेत ग्रामीण कार्य विभाग हरनौत डिवीजन के सभी अधिकारी, पुल निर्माण निगम के अधिकारी समेत अन्य अधिकारी करौटा पहुंचे थे। प्रधान सचिव ने हरनौत के जीवनपुर जाकर सड़क मरम्मत को देखा। इसके बाद सोराडीह रोड एवं चंडी प्रखण्ड के भासिन बिगहा-मनसा पुर-चिरैया पर सड़क मरम्मत कार्य को देख संतोष व्यक्त किया।



