
संविधान के निर्माण में बाबासाहेब अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका: CM नीतीश
पटना- 06 दिसम्बर। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के निर्माण में बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका थी।
सीएम ने कहा कि समाज का हर तबका उनको याद करता है। हमलोग बचपन से ही उनके बारे में सारी बातों को जानते रहे हैं। उनके प्रति हमारी पूरी श्रद्धा है। उन्होंने संविधान का बेहतर ढंग से निर्माण किया। समाज के हर तबके के उत्थान की बात की। गरीब तबके के लोगों को उन्होंने पढ़ने का अवसर दिलाया। उनके द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा इतिहास में है ।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कटिहार जा रहे हैं, वहां पहुंचकर एक-एक चीज को देखेंगे। विधायकों एवं अन्य लोगों ने गंगा नदी के किनारे हो रहे कटाव की हमें जानकारी दी थी। उसी को जाकर देखेंगे की स्थिति क्या है। कटाव की सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम किए जाएंगे। हवाई मार्ग से कटिहार जाने के क्रम में रास्ते में देखेंगे कि कहीं और कोई दिक्कत तो नहीं है।
लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कल उनके ऑपरेशन के बाद हमने फोन करके उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। उनका स्वास्थ्य अच्छा है। यह बहुत खुशी की बात है। वहां के डॉक्टरों ने भी कहा है कि लालू प्रसाद का स्वास्थ्य अच्छा है। तेजस्वी प्रसाद यादव एवं अन्य लोगों से भी हमारी बात हुई है। विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता मालिक है।



