
श्रीनगर- 15 नवंबर। श्रीनगर के हैदरपोरा इलाके में जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया है जिससे इस मुठभेड़ में मरने वाले आतंकियों की संख्या दो हो गई है। इससे पहले सोमवार देर शाम शुरू हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ शुरू होने के कुछ ही देर बाद एक आतंकी को मार गिराया था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में अभी कुछ और आतंकी मौजूद हैं। क्षेत्र में फिलहाल मुठभेड़ जारी है।
श्रीनगर के हैदरपोरा इलाके में सोमवार देर शाम को पुलिस को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलने के आधार पर सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मिलकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों को अपने नजदीक आते देख गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने अभी तक दो आतंकियों को मार गिराया है। समाचार लिखे जाने तक कुछ और आतंकी सुरक्षाबलों के घेरे में फंसे हुए हैं, जिनके खिलाफ अभियान जारी है।



