
शिक्षा को संस्कार व रोजगार से जोड़ने की जरूरत: मंत्री
पटना-26 दिसंबर। आचार्य सुदर्शन पटना सेंट्रल स्कूल का वार्षिक महोत्सव था । इस अवसर पर बिहार सरकार के लघु सिंचाई एवं SC/ST कल्याण मंत्री संतोष सुमन,मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज शिक्षा को रोजगार और संस्कार के साथ जोड़ने की जरूरत है। बच्चों को skil एवं व्यवहारिक शिक्षा सिखाई जानी चाहिए। यही हमारी नई शिक्षा नीति की बुनियाद है। मुझे ज्ञात है कि आचार्य सुदर्शन जी महाराज इस काम को पूरी निष्ठा से कर रहे हैं।
संस्कार के बिना शिक्षा एवं कामयाबी के बिना ज्ञान अधूरा है। बच्चे पढ़े एवं आगे बढ़े। मौके पर ऋतुराज सीनियर एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट एवं विनय कुमार सिन्हा,पूर्व चीफ इंजीनियर विद्युत बोर्ड पटना,मौजूद थे। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ0 बी के सुदर्शन ने अतिथियों का स्वागत किया। तथा उन्हें शॉल पटका के साथ आचार्य द्वारा रचित श्रेष्ठ ग्रंथ समर्पित किया। उन्होंने बच्चों को गुणात्मक शिक्षा और डिजिटल क्रांति के आधुनिक तकनीक से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मौके पर संस्था के संस्थापक आचार्य सुदर्शन जी महाराज ने अपने संदेश में कहा “आज बच्चों को स्वयं पढ़ने दे। उन्हें खोजी और जिज्ञासु बनाएं। वे अपना होम टास्क खुद बनाएं। इससे बच्चों की बुद्धि का विकास होता है। तथा उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा होता है। नई शिक्षा नीति भी इस बात का समर्थन देती है। बच्चों को आप प्यार दे परंतु उन्हें खुद काम करने दे। अगर राम को गुरुकुल में स्वाबलंबन की शिक्षा नहीं दी गई होती,तो वे 14 वर्ष वनवास की यात्रा कैसे झेल पाते। शिक्षा व्यवहारिक और तनाव रहित होनी चाहिए।नए वर्ष का यही राष्ट्रीय संकल्प होना चाहिए।
स्कूल के प्राचार्य ओपी सिंह ने अपने प्रतिवेदन में स्कूल की विकास यात्रा की रूपरेखा प्रस्तुत की। तथा बच्चों को हर संकट में ऑनलाइन या ऑफलाइन पढ़ाई कायम रखने के अपने संकल्प को दोहराया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों एवं बच्चियों का भक्ति संगीत एवं रंगा-रंग कार्यक्रम का अद्भुत सिलसिला चलता रहा।
आचार्य श्री द्वारा रचित गुरु वंदना ‘गुरुवर मुझको दीजिए जन्म जन्म का साथ एवं रास गीत ‘बंसी की तान सुना,कन्हैया मैं नाचूं तू गा,की धूम रही। होली गीत ‘होली रचाई राधा ने की धुन पर दर्शक नृत्य करने लगे। अंत में 12वीं की छात्रा तन्वी एवं 9वीं की छात्रा शुभेच्छा ने उपस्थित अतिथियों,अभिभावकों,शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं को धन्यवाद दिया।



