
वैशाली के विद्युतपुर मस्जिद के इमाम मौत मामले की निष्पक्ष जांच होः अमानुल्लाह
मधुबनी-02 दिसंबर। हरलाखी प्रखंड क्षेत्र के धपहर टोल निवासी 26 वर्षीय मौलाना अबुल कलाम की वैशाली जिले में हुई मौत मामले में पीड़ित परिजनों व विभिन्न संगठनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। गुरुवार को मृतक के गांव में विभिन्न संगठनों के लोगों ने पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन से पुनः मामले में निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। मौके पर अंजुमन इत्तेहाद-ए-मिल्लत के अध्यक्ष मो अमानुल्लाह खान ने कहा कि मौत के मामले की पुरी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होने कहा कि आशंका है,कहीं मौलाना की हत्या तो नही की गयी है। इस लिए मौत का कारण हर कोई व्यक्ति जानना चाहता हैं। इस लिए मेरी मांग वैशाली जिला प्रशासन से है कि मरहुम मौलाना अबुल कलाम के मौत की निष्पक्ष जांच कराए।
मौके पर कांग्रेस नेता मो. शब्बीर,अमानुल्लाह खान एवं पूर्व जिला पार्षद मो. इजहार समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिजन के गांव में आमसभा कर प्रशासन से न्याय की मांग की। तथा मामले को लेकर आगे की रणनीति बनायी। वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सारी जानकारी लेने के बाद यह मामला हत्या का साबित हो रहा है। इसलिए प्रशासन से एकबार फिर निष्पक्ष जांच कराने को लेकर चरमबद्ध तरीके से आंदोलन की शुरुआत की गई है। न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। आमसभा में रेहान अंजुम,अहमद रेजा,फैज रेजा,मुफ्ती फिरोज,हैदर रजा बरकाती,मो.मुस्लिम,मो.महबूब व जुबैर समेत कई ग्रामीण भी मौजूद थे।
मालुम हो कि वैशाली जिले के बाराती ओपी क्षेत्र अंतर्गत विद्युतपुर स्टेशन गांव में मृतक मस्जिद में इमामत का काम करता था। जहां करीब दस दिन पूर्व उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया था। जिसकी सूचना परिजनों को वहां के एक अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा मिली। उस समय परिजनों ने प्रशासन से मिलकर इस मामले को लेकर घटना स्थल के गांव के कई ग्रामीणों पर हत्या करने का भी आरोप लगाया था। तत्काल प्रशासन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन देकर परिजनों को शव के साथ घर भेज दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने परिजनों को बताया कि मामला आत्महत्या का है। जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो गया है।



