
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कल पटना आ रहे हैं। उनके पटना आगमन को लेकर पार्टी कार्यालय में हलचल तेज हो गयी है। ऐसा लग रहा है कि पार्टी कार्यालय की चमक बढ़ गयी है। राबड़ी आवास की भी चहल पहल बढ़ गयी। पार्टी कार्यालय और राबड़ी आवास दोनों जगहों को सजाया जा रहा है। लालू के स्वागत में पार्टी प्रदेश कार्यालय में छह टन के लालटेन लगाने की तैयारी की जा रही है। ये लालटेन राजस्थान में बनवाया गया है । लालू प्रसाद लंबे समय बाद बिहार आ रहे हैं ऐसे में कार्यकर्ताओं में उत्साह है। लालू के आगमन पर उनके रहने की व्यवस्था का मेडिकल तौर पर खास ध्यान रखा जा रहा है,क्योंकि लालू प्रसाद की तबीयत अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं है, ऐसे में राबड़ी आवास में मेडिकल टीम की देखरेख में उनके लिए एक विशेष कमरा तैयार किया जा रहा है। फिलहाल लालू प्रसाद के लिए बन रहे कमरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लालू प्रसाद के सेहत को देखते हुए एक मेडिकल टीम 24 घंटे उनके साथ मौजूद रहेगी और परिवार से सिर्फ चार से पांच सदस्यों को ही उनके कमरे में जाने की अनुमति होगी।



