
रोड शो में नहीं पहुंची प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेत्रियों में BJP नेत्री निर्मला सीतारमण के साथ सेल्फी लेने की लगी होड़
शिमला- 10 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए वीरवार को प्रचार के आखिरी दिन सियासी दलों के स्टार प्रचारकों ने खूब पसीना बहाया। राज्य में जगह-जगह भाजपा,कांग्रेस,आप और माकपा के केंद्रीय नेताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाएं और रोड शो किये। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने प्रियंका गांधी सिरमौर जिला के शिलाई में रैली को सम्बोधित किया। इसके बाद उनका शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड पर रोड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित था। लेकिन खराब मौसम की वजह से प्रियंका गांधी रोड शो में नहीं पहुंच पाई। प्रियंका के इंतज़ार में कांग्रेस नेत्रियों और कार्यकर्ताओं का मॉल रोड पर भारी जमावड़ा लगा रहा।
नज़ारा उस दौरान दिलचस्प बन गया जब रोड शो में मौजूद कांग्रेस नेत्रियों ने मॉल रोड से गुजर रही भाजपा की वरिष्ठ नेत्री व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को रोका और उनके साथ सेल्फी खींचने लग गईं। कांग्रेस नेत्रियों में निर्मला सीतारमण के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
दरअसल निर्मला सीतारमण भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए शिमला आई हैं। यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने के बाद वह मॉल रोड पर घूमने निकलीं थीं कि प्रियंका गांधी के रोड शो में पहुंची महिलाएं उन्हें घेर कर सेल्फियां लेने लगीं। भाजपा ने इस वाक्य को मीडिया के साथ सांझा करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है।
भाजपा के सह मीडिया प्रभारी कर्ण नन्दा का कहना है कि केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमन की लोकप्रियता कांग्रेस नेत्रियों को भी भा गई है। रोड शो में प्रियंका तो नहीं आई पर निर्मला के साथ उन्होंने फोटो सेल्फी खीचवाई।
कर्ण नन्दा कहते हैं कि कांग्रेस नेत्रियों का निर्मला के प्रति उत्साह यहां देखने लायक था और यह दर्शाता है जहां भाजपा का शीर्ष नेतृत्व हिमाचल के चुनाव में गंभीर है और अपना कीमती समय लगा रहा है। वहीं गांधी परिवार हिमाचल से बेरुखी बनाए हुए है।
बता दें कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए सभी 68 सीटों पर 12 नवम्बर को एक चरण में मतदान होना है। वहीं चुनाव परिणाम 8 दिसम्बर को होगी।