
रूस में कोयले की खदान में लगी आग,मरनेवालों की संख्या पहुंची 52
मॉस्को-26 नवंबर। रूस के साइबेरिया इलाके में स्थित कोयले की एक खदान में आग लगने से मरनेवालों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। मरनेवालों में बचाव दल के 6 सदस्य भी हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तथा सरकार को घायलों को हर संभव सहायता देने का आदेश दिया है।
शुरुआती जांच में पता लगा है कि कई शव अब भी अंदर ही हैं, जिन्हें सतह तक लाकर बाहर लाने का प्रयास किया जा रहा है। रूस के उप अभियोजक जनरल दिमित्री देमशिन ने कहा कि आशंका है कि किसी चिंगारी के कारण मीथेन विस्फोट हुआ, जिससे आग लगी। खनन के दौरान कोयले से निकलने वाली मीथेन (रंगहीन एवं गन्धहीन गैस) के कारण विस्फोट की घटनाएं दुर्लभ हैं, लेकिन वे कोयला खनन उद्योग में सबसे अधिक मौत का कारण बनती हैं।
गुरुवार को हुई घटना इस प्रकार की पहली घटना नहीं है। इससे पहले साल 2016 में रूस के सुदूर उत्तर में एक कोयला खदान में मीथेन गैस विस्फोट होने के कारण 36 खनिकों की मौत हो गई थी। 2007 में भी केमेरोवो क्षेत्र में उल्यानोव्सकाया खदान में मीथेन विस्फोट में सबसे घातक खदान दुर्घटना में 110 खनिकों की मौत हो गई थी।



