
रिश्वत लेते कांस्टेबल गिरफ्तार,नकदी- नकली सोने के बिस्कुट बरामद
शोणितपुर (असम) 02 दिसम्बर। शोणितपुर जिला मुख्यालय शहर तेजपुर के एक पुलिस कांस्टेबल को रिश्वत लेते समय वरिष्ठ अधिकारियों ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।
शोणितपुर के पुलिस अधीक्षक धनंजय धनावत ने गुरुवार को बताया कि तेजपुर सदर थाना अंतर्गत बरघाट पुलिस चौकी में कार्यरत देबब्रत बिश्वास नामक कांस्टेबल को बुधवार की देर शाम को पुलिस की विशेष टीम ने उस समय रंगे हाथों पकड़ा, जब उसने रिश्वत लेने की कोशिश की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांस्टेबल देबब्रत पर काफी समय से आरोप लग रहे थे कि वह एक आरोपित को कानूनी सहायता के बदले मोटी रकम एवं अन्य सामान वसूलने का काम करता था। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने शिकायतों के आधार पर बरघाट पुलिस चौकी का दौरा किया। संबंधित शिकायतकर्ता को केमिकल लगाकर 3,000 रुपये नकदी के साथ भेजा गया था। कांस्टेबल देबब्रत को शिकायतकर्ता से उन पैसों को लेते समय छापा मारने वाले पुलिस अधिकारियों ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक धनावत ने बताया कि इसके अलावा खानामुख में कांस्टेबल देबब्रत बिश्वास के घर पर छापा मारने के बाद 10,630 रुपये नकद और 14 नकली सोने के बिस्कुट जब्त किए गए है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।



