भारत

राहुल गांधी पीओके तक यात्रा ले जाएं और उसे जोड़कर ही लौटें, वरना वहीं रह जाएंः उमा भारती

बैतूल/भोपाल- 02 जनवरी। भाजपा की फायरब्रांड नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी यदि भारत जोड़ने को लेकर गंभीर हैं तो उनकी यात्रा में एक चीज छूट रही है और वह है पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर)। राहुल गांधी वहां तक यात्रा को लेकर जाएं और उसे जोड़कर ही लौटें नहीं तो वापस न आएं, उधर ही रह जाएं। उन्होंने कहा कि मेरी तो यह समझ नहीं आ रहा कि भारत को जोड़ना कहां है, क्योंकि टूटा कहां से है।

उमा भारती सोमवार सुबह बैतूल में भाजपा नेता राजीव खंडेलवाल के निवास पर मीडिया से बातचीत कर रही थीं। वह नागपुर से रविवार की रात बैतूल पहुंची थीं। सोमवार सुबह उन्होंने मीडियाकर्मियों से भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि यह मीडिया को आकलन करना है कि भारत जोड़ो यात्रा कितनी सफल है। मुझे यही समझ नहीं आता कि भारत जोड़ना क्यों है? भारत टूटा कहां से है? जोड़ने की बात तब आएगी, जब वह टूटा हो। टूटा वह तब था, जब पाकिस्तान बना। कहें तो टूटा तो राहुल गांधी के दादा जवाहरलाल नेहरू के समय पर था। हमने तो जोड़ लिया, अनुच्छेद 370 हटाकर। हम तो जोड़ने का काम कर रहे हैं। राहुल अगर गंभीर हैं, तो भारत जोड़ो के लिए तो एक चीज जोड़ना बहुत जरूरी है। पाक अधिकृत कश्मीर। इसलिए राहुल को संदेश भेजती हूं कि भारत जोड़ने में एक चीज शेष है, वह है पाक अधिकृत कश्मीर। कृपया इस यात्रा को वहां तक ले जाइए, उसे जोड़कर ही वापस लौटिए… नहीं तो मत लौटिए।

नया नारा दिया: शराब छोड़ो, देशी गाय का दूध पियो—

उमा भारती ने इस दौरान एक नया नारा भी दिया। उन्होंने कहा कि मेरा नया नारा है–शराब छोड़ो, देशी गाय का दूध पियो। मधुशाला से गौशाला की ओर चलो, मधुशाला बंद करो, गौशाला खोलते चलो। गाय सहारा देती है, बोझ नहीं बनती है। गाय पालने से जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। देश का एकमात्र राज्य मध्य प्रदेश हैं जहां जैविक खेती का रकबा बढ़ा है। इस दिशा में हमारी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि मध्य प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमतों से जीत मिलना चाहिए और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना चाहिए।

उन्होंने शराब बंदी को लेकर सरकार को अल्टीमेटम देने के सवाल पर कहा कि मैं चाहूं तो शराब का नामो निशान दुनिया से मिटा दूं लेकिन मैं मान जाती हूं, गम खा जाती हूं। तर्क दिए जाते हैं कि बिहार में शराब बंद है तो भी जहरीली शराब से लोगों की मौत हो रही है। मध्य प्रदेश में तो बंद नहीं है फिर मुरैना में लोग जहरीली शराब से कैसे मर गए। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जहरीली शराब से लोग कैसे मर गए। जहरीली शराब का माफिया अलग है, इसका शराबबंदी से कोई लेना देना नही है। ये अलग माफिया है, जो पनपता है। इसके पीछे पुलिस, प्रशासन, नेता, विधायक, सांसद सब उसकी जेब में पड़े होते हैं। मेरी इच्छा है कि मध्य प्रदेश शराब नीति में भी माडल बन जाए। मध्य प्रदेश की शराब नीति में खामियां हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी इसे स्वीकार किया है। हमारी शराब नीति में खामियां थीं, हम उसे दुरुस्त करेंगे। कमलनाथ के राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बयान पर उन्होंने कहा कि एक धरती पकड़ थे, जो हर जगह चुनाव लड़ते थे। प्रधानमंत्री के खिलाफ भी चुनाव लड़ते थे।

भारत भारती में गोपूजन किया—

इसके बाद उमा भारती ने भारत भारती गौशाला में प्रतिदिन होने वाली गो आरती में सम्मिलित होकर गोमाता की आरती की व भारत भारती प्रकल्प का पैदल लाठी टेककर अवलोकन किया। परिसर में स्थित सरस्वती व हनुमान मंदिर के दर्शन कर अध्ययनरत विद्यार्थियों से चर्चा की।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button