
राहुल गांधी के समर्थन में मौन सत्याग्रह पर बैठे कांग्रेस नेता
भोपाल- 12 जुलाई। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मानहानि के मामले में संसद सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इसी सिलसिले में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने बुधवार को भोपाल में मौन सत्याग्रह का आयोजन किया।
यहां पीसीसी मुख्यालय पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की अगुआई में मौन सत्याग्रह का आयोजन किया किया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल भी शामिल हुए। दोपहर दो बजे तक चले इस मौन सत्याग्रह में कमलनाथ की अगुआई में कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर मौन सत्याग्रह का बैनर लगा हुआ था। इसमें पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल, जेपी धनोपिया, विद्याराम वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना, श्रमिक नेता दीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौन सत्याग्रह में शामिल हुए।



