
पटना- 05 जुलाई। राष्ट्रपति चुनाव की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को पटना पहुंची। पटना एयरपोर्ट पर सीएम नीतीश कुमार के साथ-साथ जदयू,भाजपा, हम के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां से द्रौपदी मुर्मू पुराना सचिवालय पहुंची जहां बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू होटल मौर्या में एनडीए गठबंधन के घटक दलों के साथ बैठक करेंगी और राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन की अपील करेंगी। होटल मौर्या में भाजपा के सांसद,विधायक सहित एनडीए में शामिल कई नेता पहुंचे हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद हैं। मुर्मू दोपहर दो बजे पटना से रवाना हो जाएंगी।



